उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी पर 16 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनकर तैयार हुए नए पुल की अप्रोच रोड पहली तेज बारिश में ही धंस गई। पुल का उद्घाटन हुए अभी कुछ ही दिन बीते थे कि बारिश के कारण सड़क में बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया, जिसके बाद एहतियातन यातायात तुरंत रोक दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने लापरवाही की जांच के आदेश जारी किए हैं और तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। प्रशासन फिलहाल सड़क के गड्ढे को भरकर आवाजाही को सामान्य करने के प्रयास में जुटा है।
16 करोड़ की लागत से बना पुल पहली बारिश में ही धंसा, गुणवत्ता पर उठे सवाल

